माननीय प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता बरतने का निर्देश
लखीसराय। माननीय ग्रामीण कार्य विभाग सह प्रभारी मंत्री, लखीसराय श्री सुनील कुमार द्वारा आज जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान माननीय मंत्री ने सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत पटेल पुल घाट एवं हुसैना घाट का निरीक्षण किया तथा स्थानीय स्तर पर बाढ़ की स्थिति, जलस्तर एवं प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के क्रम में माननीय प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा आमजनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने NDRF एवं SDRF की टीमों को पूरी तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का निर्देश दिया।
माननीय मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता समय पर पहुंचाई जाए। साथ ही, संवेदनशील एवं जलमग्न क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान माननीय विधायक, सूर्यगढ़ा श्री रामानंद मंडल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, प्रभारी पदाधिकारी, आपदा श्री शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुश्री प्राची कुमारी, संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित स्थानीय मुखिया एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।