सरदार पटेल की जयंती पर मंत्री श्री शर्मा ने उनके चित्र पर अर्पित किए श्रद्धासुमन, पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आज सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अमिला मोड़, मऊ में आयोजित कार्यक्रम में सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर पंचायत अमिला, नगर पंचायत दोहरीघाट तथा जिला नगरीय विकास अभिकरण की लगभग 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 लाभार्थियों को आवास निर्माण की द्वितीय किस्त वितरित की गई। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर मंत्री श्री शर्मा ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।