⛔ मधेपुरा में दुर्गा पूजा को लेकर अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, रोड किनारे दुकानों को हटाया गया
मधेपुरा। दुर्गा पूजा को लेकर मधेपुरा नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस संयुक्त रूप से एक्शन में है। आज शहर में रोड किनारे अतिक्रमण कर लगाए गए दुकानों को हटाया गया।मौके पर नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी और ट्रैफिक डीएसपी स्वयं मौजूद रहे और अतिक्रमण हटवाया।
प्रशासन ने दिया सख्त निर्देश
पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने और जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिया कि कोई भी दुकान रोड पर नहीं लगाएं, रोड से हटाकर पीछे लगाएं ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने कहा दुर्गा पूजा को लेकर शहर में साफ-सफाई और अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। रोड पर दुकान लगाने से जाम लगता है। सभी दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि दुकान रोड से हटाकर लगाएं, नहीं तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्गा पूजा में भीड़ काफी बढ़ जाती है। रोड किनारे अतिक्रमण से ट्रैफिक जाम और हादसे की आशंका रहती है। इसलिए आज अतिक्रमण हटाया गया है। सभी से अपील है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और दुकानें रोड से हटकर लगाएं।मौके पर नगर परिषद की टीम और ट्रैफिक पुलिस बल मौजूद रहे।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times