तौशाम क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित कर 50 हजार रूपये प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार , मुख्य मन्त्री को ज्ञापन भिजवाया । किसान सभा
भिवानी, 07 सितंबर : अखिल भारतीय किसान सभा तोशाम ब्लॉक कमेटी के नेतृत्व में किसानों ने कस्बा तोशाम स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने एकत्र होकर धरना व प्रदर्शन करते हुए तहसील तोशाम को सूखा ग्रस्त घोषित करने, विशेष गिरदावरी करवाकर50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने तथा किसानों की अन्य ज्वलंत समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। इस अवसर पर अपनी मांगों का ज्ञापन राज्य के मुख्य मन्त्री को भिजवाया है , ज्ञापन एसडीएम तोशाम सन्दीप सिंह को सौंपा है।
सभा की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान कर्ण सिंह जैनावास ने की तथा मंच संचालन रणधीर सांगवान ने किया। किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल व कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि तोशाम क्षेत्र में सूखे, नहरी पानी की कमी से फसल खराबे के कारण किसान गंभीर संकट में हैं। कपास, मूंग, ग्वार और बाजरा सहित कई फसलें सूख चुकी हैं। नहरों की टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा और भूमिगत पानी भी अत्यधिक खारा होने के कारण सिंचाई योग्य नहीं है। इसलिए राज्य सरकार तुरन्त क्षति पूर्ति पोर्टल खोले तथा सूखे से बर्बाद फसलों की विशेष गिरदावरी करवाए ।
किसान सभा के नेताओं ने मांग की कि विशेष गिरदावरी वास्तविक नुकसान के आधार पर की जाए, 2023 के लंबित कपास फसल बीमा क्लेम का 12 प्रतिशत ब्याज सहित तत्काल भुगतान किया जाए तथा क्रॉप कटिंग पूरी तरह पारदर्शी बनाकर किसानों को मौके पर रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जाए। रबी सीजन से पहले पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध करवाने और नहरों की आखिरी टेल तक पानी पहुंचाने की भी मांग की गई।
इसके अलावा हाईटेंशन लाइन से प्रभावित 13 गांवों के किसानों को उचित मुआवजा देने तथा स्मार्ट मीटर और एग्री डिस्कॉम योजना को वापस लेने की मांग की गई। किसान सभा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार किसानों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं करती, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा संयुक्त किसान मोर्चे के माध्यम से व्यापक किसान आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने हाई टेंशन लाइन के लिए न्यायोचित मुआवजे की मांग को लेकर किसानों द्वारा चलाए जा रहे धरने में पहुंचकर किसान सभा ने समर्थन दिया है । किसान सभा के धरने में एक प्रस्ताव पास करके अग्नि शमन व नगरपालिक कर्मचारियों की जायज मांगों का समर्थन करते हुए उनकी मांगें लागू करने की मांग की है तथा उनकी हड़ताल के साथ एकजुटता प्रकट की है । आज के प्रदर्शन में तोशाम ब्लाक सचिव नरेन्द्र डाडम , डा. धर्मबीर खापड़वास , डा0 सुमेर सांगवान , छोटूराम पुनिया , राजबीर बुडानिया , दयानन्द फौजी , रणधीर जाखड़, शमशेर पूनिया , धूप सिंह ईशरवाल सहित सैकड़ों किसान शामिल थे ।
जारी कर्ता नरेन्द्र डाडम , ब्लाक सचिव किसान सभा तोशाम ।