ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बैंक कर्मचारियों का रहा अहम योगदान : उपायुक्त साहिल गुप्ता
भिवानी, 07 सितंबर : हरियाणा ग्रामीण बैंक रिटायर्ड स्टाफ एंड पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा सोमवार को स्थानीय कीर्ति नगर स्थित सांस्कृतिक सदन में चौथा सम्मान समारोह गरिमामयी माहौल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भिवानी सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में ग्रामीण बैंक के सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों ने शिरकत की। समारोह में बैंक में अपनी अमूल्य सेवाएं दे चुके 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनर्स को शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह में भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सुमंत कुमार ने की। इसके अतिरिक्त क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव राणा (एजीएम) और सेवानिवृत्त मुख्य प्रबंधक वीरेंद्र सहरावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्य अतिथि भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बैंक कर्मचारियों का ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त बैंक कर्मियों ने अपने कार्यकाल के दौरान ग्रामीण, गरीब और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोडऩे का अनुकरणीय कार्य किया है। बैंक सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी समाज के प्रति उनका यह अनुभव और मार्गदर्शन युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। बुजुर्ग पेंशनर्स का सम्मान करना हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरियाणा ग्रामीण बैंक के चेयरमैन सुमंत कुमार ने कहा कि आज हरियाणा ग्रामीण बैंक जिस मुकाम पर खड़ा है, उसकी मजबूत नींव इन्हीं वरिष्ठ पेंशनर्स के अथक परिश्रम और निष्ठा से रखी गई थी। सेवानिवृत्त कर्मचारी बैंक परिवार का आज भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके अनुभवों से सीख लेकर बैंक निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। बैंक प्रबंधन पेंशनर्स के कल्याण और उनकी सुविधाओं का ध्यान रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा।
एसोसिएशन के प्रधान एम.पी. कौशिक तथा संयोजक एवं कानूनी प्रकोष्ठ प्रभारी घनश्याम शर्मा (रिटायर्ड चीफ मैनेजर) ने संयुक्त बयान जारी कर समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि बैंक सेवा के माध्यम से जीवन भर समाज की सेवा करने वाले अपने बुजुर्ग साथियों को सम्मानित करना पूरी संस्था के लिए गर्व और आदर का क्षण है। पेंशनर्स एसोसिएशन अपने सभी सेवानिवृत्त साथियों के सम्मान, हितों और वैधानिक अधिकारों के प्रति पूरी तरह सजग है। संगठन के सामूहिक प्रयासों और एकजुटता के बल पर ही पेंशनर्स के कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों में उल्लेखनीय सफलताएं हासिल हुई हैं। भविष्य में भी यह प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।