बछवाड़ा प्रखंड में जमींदारी बांध टूटने से गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सोमवार अहले सुबह ONS चिमनी झमटिया के समीप लगभग 30 फीट बांध टूट गया, जिससे रानी एक, दो और तीन पंचायत के बड़े हिस्से जलमग्न हो गए। इस घटना से लगभग 10,000 आबादी प्रभावित हुई है, सैकड़ों बीघा फसलें बर्बाद हो गई और कई घरों में पानी घुस गया है।
बांध टूटने की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रिची पांडे ने सोमवार को जमींदारी बांध का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग को जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने अधिकारियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।
जिलाधिकारी रिची पांडे ने बताया कि जमींदारी बांध टूटने से रानी एक, दो और तीन पंचायत का हिस्सा प्रभावित हुआ हैं। उन्होंने कहा कि बांध की मरम्मत का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और विभागीय अधिकारी लगातार मौके पर कैंप कर रहे हैं। जिससे किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति न हो और जल्द से जल्द बांध की मरम्मत कर लिया जाए।
इस दौरान तेघड़ा एसडीओ नीरज सिन्हा, डीएसपी कृष्ण कुमार, जल संसाधन विभाग के एसडीओ मनीष कुमार, बछवाड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, थानाध्यक्ष विकास कुमार राय और रानी तीन पंचायत के मुखिया अमरजीत कुमार राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।