हमीरपुर मेडिकल कॉलेज कांग्रेस सरकार की देन, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रयासों से मिली स्वीकृति : डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा
हमीरपुर। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर पूरी तरह कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करने के बजाय वास्तविक इतिहास जनता के सामने रखा जाना चाहिए।
डॉ. वर्मा ने कहा कि केंद्र में तत्कालीन यूपीए सरकार के दौरान 19 फरवरी 2014 को चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेजों की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद तत्कालीन विधायक एवं वर्तमान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निरंतर प्रयासों से 14 मार्च 2014 को हमीरपुर को भी डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिली।
उन्होंने बताया कि चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेजों के लिए 90:10 के अनुपात में केंद्र और राज्य सरकार की वित्तीय भागीदारी निर्धारित की गई थी, जबकि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 75 प्रतिशत केंद्र और 25 प्रतिशत प्रदेश सरकार द्वारा व्यय वहन करने का प्रावधान किया गया। इससे स्पष्ट है कि इन मेडिकल कॉलेजों की स्थापना कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई और इन्हें साकार करने में कांग्रेस नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डॉ. वर्मा ने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में आर्थिक चुनौतियों के बावजूद मेडिकल कॉलेज के आधुनिक ढांचे को विकसित किया जा रहा है। इसके साथ नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज तथा लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर भारत के सबसे बड़े कैंसर संस्थान के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हमीरपुर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने भाजपा नेताओं से आग्रह किया कि वे मेडिकल कॉलेज के श्रेय को लेकर अनावश्यक राजनीतिक बहस करने के बजाय इसके शीघ्र विकास और जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सकारात्मक सहयोग दें। :::