जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा बुधवार को पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में रह रहे किशोरों से संवाद कर उनकी स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, खान-पान, पढ़ाई एवं कर्मियों द्वारा किए जा रहे व्यवहार के संबंध में जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने बच्चों से उनकी उम्र, उनके द्वारा की जा रही पढ़ाई तथा पर्यवेक्षण गृह में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से उनके साथ किए जाने वाले व्यवहार एवं किसी प्रकार की समस्या के संबंध में भी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान सभी कर्मी उपस्थित पाए गए।
जिला पदाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह में कार्यरत कर्मियों को बच्चों के साथ सौम्य एवं संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए सकारात्मक एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है। बच्चों के मनोरंजन एवं सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि सप्ताह में एक दिन मनोवैज्ञानिक (Psychologist) को पर्यवेक्षण गृह भेजकर बच्चों से संवाद , आवश्यक परामर्श एवं सुधारात्मक कार्य किए जाएं। साथ ही, बच्चों के विकास से संबंधित गतिविधियों एवं उनकी प्रगति पर भी नियमित ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
इसी क्रम में एक आवाशित किशोर द्वारा परिवीक्षा पदाधिकारी कल्याणी कुमारी के द्वारा कथित रूप से अनुचित व्यवहार किए जाने की शिकायत की गई। जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित परिचारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा चिकित्सा कक्ष, खान-पान कक्ष एवं रसोईघर का भी निरीक्षण किया गया तथा बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को बच्चों से नियमित रूप से संवाद करते रहने तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए समय पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि पर्यवेक्षण गृह का निरीक्षण करने वाले पदाधिकारियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा बच्चों के हित एवं विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
#CMSamrat
#samratchoudhary
Banka, Bihar | Sep 23, 2026