सीएफसी में एलईडी स्क्रीन पर दी डिजिटल सेवाओं की जानकारी, घर बैठे होंगे निगम के काम
यमुनानगर। नगर निगम द्वारा नागरिकों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने और ऑनलाइन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) शाखा में विशेष पहल की गई है। निगम के आईटी सेल द्वारा सीएफसी में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाकर आम नागरिकों को विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं और उनकी प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि सीएफसी शाखा में आने वाले नागरिक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से यह जानकारी प्राप्त कर रहे हैं कि वे नगर निगम से संबंधित कई कार्य घर बैठे ऑनलाइन कैसे कर सकते हैं। इसका उद्देश्य नागरिकों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है, ताकि उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाओं का लाभ लेने तथा नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने जैसी ऑनलाइन सुविधाओं की प्रक्रिया समझाई जा रही है। इससे लोगों को ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने में आसानी हो रही है और वे स्वयं डिजिटल माध्यम से अपने कार्य करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने का उद्देश्य नागरिकों को सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है। ऑनलाइन माध्यम से कार्य होने पर नागरिकों के समय और आने-जाने के खर्च दोनों की बचत होगी।
नगर निगम ने नागरिक सुविधा केंद्र में आने वाले सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्क्रीन पर प्रदर्शित डिजिटल सेवाओं से संबंधित जानकारी को ध्यानपूर्वक देखें और अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाएं।
फोटो कैप्शन - सीएफसी में नागरिकों को डिजिटल सेवाओं की जानकारी देते निगम कर्मचारी।