⛔ बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में डांडिया नाइट का आयोजन, 150 छात्राओं की सामूहिक प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र
मुरलीगंज। शारदीय नवरात्र के अवसर पर शुक्रवार की शाम बीआर ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल परिसर में गरबा-डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। मां दुर्गा की आराधना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने गरबा-डांडिया की धुन पर जमकर उत्सव मनाया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शाम छह बजे मां अंबे की आरती के साथ हुई। इसके बाद गरबा-डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। स्टैंडर्ड वन से लेकर 10वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, वरिष्ठ कक्षाओं की छात्राओं की माताओं और बहनों ने भी डांडिया नृत्य में शामिल होकर कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई।
150 छात्राओं की सामूहिक प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय की 150 छात्राओं की सामूहिक डांडिया प्रस्तुति रही। अलग-अलग समूहों में बंटकर छात्राओं ने आकर्षक तालमेल और उत्साह के साथ डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित लोगों ने खूब तालियां बजाईं। इसके अलावा देवी गीतों और पारंपरिक झिझिया नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भी बिखेरे।
अभिभावकों की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह
डांडिया नाइट में छात्राओं की अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बच्चों के साथ नृत्य कर आयोजन का आनंद उठाया। अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सामूहिक भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. मौसम सिंह और निदेशक मानव सिंह ने पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और आपसी सौहार्द से जुड़ने का भी अवसर है। ऐसे आयोजन बच्चों में सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी परंपराओं से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
📹 Sanjay Kumar मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times