नवाब बाजार चौराहे पर सड़क का बड़ा गड्ढा बना मुसीबत, ई-रिक्शा पलटने से दो महिलाएं और बच्चा घायल
रुदौली नगर के नवाब बाजार चौराहे पर सड़क पर बना बड़ा गड्ढा आमजन और राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। बुधवार को इसी गड्ढे के कारण एक ई-रिक्शा (बैटरी रिक्शा) अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में रिक्शे में सवार दो महिलाओं और एक मासूम बच्चे को चोटें आईं। दुर्घटना के दौरान बच्चा ई-रिक्शे के नीचे दब गया था।
हादसा होते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चे समेत सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि कोई बड़ा अनहोना हादसा नहीं हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह खतरनाक गड्ढा कई दिनों से बना हुआ है और इसकी शिकायत पूर्व में भी कई बार की जा चुकी है। कुछ दिन पहले एसडीएम के निर्देश पर गड्ढे में गिट्टी और मिट्टी डलवाई गई थी, लेकिन हाल ही में हुई बारिश के बाद मिट्टी धंस जाने से सड़क फिर से खतरनाक स्थिति में आ गई है।
स्थानीय निवासियों एवं व्यापारियों ने रुदौली नगरपालिका और तहसील प्रशासन से मांग की है कि गड्ढे की अविलंब पक्की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे या जनहानि से बचा जा सके।
Hardoi, Hardoi | Oct 7, 2026