गया में उत्पाद विभाग की धाकड़ कार्रवाई: होंडा सिटी कार से 240 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार
गया। बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने की दिशा में गया पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। समेकित जांच चौकी डोभी, थाना बाराचट्टी क्षेत्र में पुलिस ने विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान शुक्रवार को एक होंडा सिटी कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से करीब 90 लीटर अवैध विदेशी शराब (240 बोतल) जब्त की है। बरामद शराब को अवैध रूप से परिवहन कर दूसरे स्थान पर पहुंचाया जा रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करी की यह बड़ी कोशिश नाकाम हो गई।
पुलिस के अनुसार, वाहन जांच के दौरान संदिग्ध होंडा सिटी कार (पंजीकरण संख्या DL-3CBA-3421) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। इसके बाद वाहन चालक को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है। वह नारायण सिंह का पुत्र है और ग्राम अंगरा तेतरिया, थाना फतेहपुर, जिला गया का निवासी है। उसकी उम्र लगभग 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
उत्पाद विभाग के अधीक्षक ने बताया कि जब्त की गई शराब और वाहन को विधिवत कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। अनुसंधान पूरा होने के बाद आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया जाएगा।
इस सफल कार्रवाई में समेकित जांच चौकी डोभी की छापामार टीम की अहम भूमिका रही। अभियान में निरीक्षक विजय कुमार, कमल किशोर, हलेन्द्र कुमार, बट्टी यादव सहित सैप बल एवं गृह रक्षक जवान शामिल रहे।
#gaya
#gayajii
#गया
#लेटेस्ट
#LatestNews