हिमाचल में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करेगी आम आदमी पार्टी, टिकट में भी मिलेगा प्रतिनिधित्व
आप प्रभारी ऋतुराज झा बोले—दिल्ली, पंजाब और गुजरात की तर्ज पर हिमाचल में भी महिलाओं को मिलेगा उचित प्रतिनिधित्व
शिमला। आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पार्टी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली, पंजाब और गुजरात में महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ाने का काम किया है और हिमाचल प्रदेश में भी इसी दिशा में कदम उठाए जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अन्य राजनीतिक दलों की तुलना में महिलाओं को अधिक टिकट देती है। हालांकि, हिमाचल में महिलाओं को कितने टिकट दिए जाएंगे, इस बारे में विस्तृत जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी जाएगी।
ऋतुराज झा ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता पक्ष का विरोध करना नहीं है, बल्कि देश, समाज और जनता के हित में लिए गए फैसलों का समर्थन करना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने महिला आरक्षण विधेयक, तीन तलाक कानून और अनुच्छेद 370 को हटाने से संबंधित विधेयक का समर्थन किया था। उनके अनुसार, पार्टी देशहित को सर्वोपरि रखती है और राजनीतिक मतभेदों को देशहित के आड़े नहीं आने देती।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी देशभक्त और ईमानदार लोगों की पार्टी है। पार्टी के लिए देश सबसे पहले है और राजनीति बाद में आती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं की लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है और आम आदमी पार्टी इस बात को गंभीरता से मानती है।
दिल्ली में पार्टी की सरकार के दौरान महिला विधायकों का उदाहरण देते हुए ऋतुराज झा ने कहा कि पार्टी ने महिलाओं को चुनाव लड़ने और विधानसभा तक पहुंचने के अवसर दिए। उन्होंने प्रमिला टोकस, वंदना कुमारी, राखी बिड़ला, आतिशी मार्लेना और सरिता सिंह सहित महिला विधायकों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी अनमोल गगन मान सहित कई महिलाओं ने राजनीति में अपनी भागीदारी दर्ज कराई है।
हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब पार्टी महिलाओं को टिकट देती है, तभी वे विधानसभा तक पहुंचती हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस तरह आम आदमी पार्टी ने दिल्ली, पंजाब और गुजरात में महिलाओं की भागीदारी को महत्व दिया है, उसी तरह हिमाचल प्रदेश में भी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी नेतृत्व इस विषय पर अधिक विस्तार से जानकारी देगा।