‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ संकल्प के साथ मंत्री राजेश नागर ने बच्चों संग लगाई ‘रन फॉर यूनिटी’ की दौड़
Aonenews अरविन्द बक्शी
नूंह। लौह पुरुष एवं देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नूंह में राष्ट्रीय एकता दिवस का पर्व पूर्ण उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। इस मौके पर नूंह पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से एक भव्य ‘रन फॉर यूनिटी’ (राष्ट्रीय एकता दौड़) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौड़ की सबसे खास तस्वीर यह रही कि मंत्री राजेश नागर ने प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों के साथ कदमताल करते हुए खुद भी दौड़ लगाई और युवाओं का हौसला बढ़ाया। पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड से शुरू हुई यह एकता दौड़ विभिन्न मार्गों से होते हुए लघु सचिवालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई।
सरदार पटेल के 565 रियासतों के एकीकरण को किया नमन
लघु सचिवालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मंत्री राजेश नागर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के ठीक बाद देश की 565 से अधिक रियासतों का ऐतिहासिक विलय कराकर भारत को एक सूत्र में पिरोने का असंभव कार्य किया था। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और दूरदर्शिता के कारण ही आज हम एक अखंड भारत में सांस ले रहे हैं। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, समर्पण और एकता की प्रेरणा देता है।
2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के मूल मंत्र के साथ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। हमें जाति, धर्म और क्षेत्रवाद के सभी भेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना होगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने भी सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया और युवाओं से सामाजिक भाईचारे व राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील की। कार्यक्रम में उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, नगर परिषद चेयरमैन संजय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Faridabad, Faridabad | Oct 31, 2026