पलवल पुलिस ने हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों व कर्मचारियों ने ली देश की एकता और अखंडता की शपथ।
Aonenews अरविन्द बक्शी
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने अधिकारियों व जवानों को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के उच्च आदर्शों, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को अपने दैनिक कार्यों एवं आचरण में आत्मसात करने का आह्वान किया।
*पलवल पुलिस निष्पक्षता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आमजन की सेवा में सदैव तत्पर-दीप्ति गर्ग, एसपी पलवल।*
पुलिस प्रवक्ता कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के पावन अवसर पर आज पलवल जिला पुलिस द्वारा जिला पुलिस मुख्यालय सहित सभी थानों, पुलिस चौकियों तथा विभिन्न अपराध शाखाओं में राष्ट्रीय एकता दिवस अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जिला भर के पुलिस परिसरों में विशेष कार्यक्रमों एवं शपथ ग्रहण समारोहों का आयोजन किया गया।
जिला पुलिस मुख्यालय में आयोजित मुख्य शपथ ग्रहण समारोह में डीएसपी मुख्यालय श्री नरेंद्र सिंह खटाना ने उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को अक्षुण्ण रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी कर्मियों को आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने का संकल्प दिलवाया।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस ने अपने संदेश में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल एक सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के शिल्पकार थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी सैकड़ों रियासतों का विलय कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनका जीवन और विचार हम सभी के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत हैं।
पुलिस अधीक्षक ने अपने संदेश में आगे कहा कि पुलिस बल की प्राथमिक जिम्मेदारी समाज में शांति, सद्भाव और कानून का राज बनाए रखना है। कानून व्यवस्था तभी सुदृढ़ रह सकती है जब हर नागरिक खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे। उन्होंने सभी अधिकारियों व जवानों को सरदार पटेल के उच्च आदर्शों, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति को अपने दैनिक कार्यों एवं आचरण में आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने यह भी दोहराया कि पुलिस निष्पक्षता, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ आमजन की सेवा में सदैव तत्पर रहे।
मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों तथा क्राइम यूनिटों के प्रभारियों ने भी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के पदचिह्नों पर चलकर देश की आंतरिक सुरक्षा और संप्रभुता को हर हाल में अक्षुण्ण बनाए रखने का दृढ़ संकल्प लिया।