*जिला कलेक्टर व नगर निगम प्रशासक के निर्देशानुसार आयुक्त ने किया वार्ड 1 एवं 70 का औचक निरीक्षण*
*गंदगी मिलने पर संवेदक को नोटिस, विशेष अभियान के तहत 18 वार्डों में हुई सफाई*
भीलवाड़ा:राजकुमार गोयल 2 सितंबर जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार निगम आयुक्त कमल सिंह यादव द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया गया तथा विशेष सफाई अभियान के तहत शहर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम आयुक्त ने जन स्वास्थ्य की प्रभारी अधिकारी के साथ वार्ड नंबर 1 और 70 का निरीक्षण किया। इस दौरान पुर में बाबा रामदेव मंदिर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा जेसीबी की मदद से सड़कों की साइड की पटरियों की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए।
*सड़क व नाली सफाई का किया निरीक्षण*
वार्ड नंबर 1 में बीट अनुसार सड़कों और नालियों की साफ-सफाई का निरीक्षण किया गया। नालियों और खाली भूखंडों पर जमा कचरे की नियमित रूप से सफाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान आम नागरिकों से वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया गया, जिस पर नागरिकों ने संतोष जताते हुए बताया कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से आते हैं और व्यवस्था सही है।
*सार्वजनिक शौचालय पर कार्रवाई*
पातोला महादेव रोड स्थित सार्वजनिक शौचालय के निरीक्षण के दौरान मुख्य गेट, स्टोर, शौचालय और पानी के टैंक में कांजी जमी हुई व गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित संवेदक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। आम नागरिकों द्वारा ऑटो टिपर द्वारा कचरा स्टैंड पर जगह-जगह कचरा फैलाने की शिकायत मिलने पर, आयुक्त ने स्वयं लक्ष्मीपुरा स्थित कचरा स्टैंड का निरीक्षण किया। संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक और ऑटो टिपर के सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया कि कचरा केवल एक चिन्हित (आईडेंटिफाई) स्थान पर ही खाली करवाना सुनिश्चित किया जाए तथा उक्त कचरा स्टैंड की आज ही सफाई करवाई जाए।
विशेष सफाई अभियान की प्रगति
आयुक्त ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार नगर निगम भीलवाड़ा के 70 वार्डों में चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के तहत 680 सफाई कर्मचारियों द्वारा कुल 18 वार्डों में सड़कों, नालियों और खाली भूखंडों की व्यापक स्तर पर साफ-सफाई का कार्य किया गया। निगम प्रशासन शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।