कपाल मोचन मेले की व्यवस्थाओं को लेकर महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने उपायुक्त प्रीति से की चर्चा, अधिकारियों से लिए सुझाव।
मेला कपाल मोचन में होने वाले कार्यों को लेकर उपायुक्त ने दिए अधिकारियों को निर्देश
यमुनानगर, 11 नवम्बर- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य स्तरीय ऐतिहासिक मेला कपाल मोचन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त प्रीति एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान महानिदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने उपायुक्त प्रीति एवं प्रशासन के अधिकारियों से मेला कपाल मोचन को भव्य रूप से मनाने के लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी प्राप्त किए तथा आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कपाल मोचन मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण आयोजन है, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि मेला कपाल मोचन में केन्द्र व प्रदेश के शासनकाल की नीतियों एवं योजनाओं से संबंधित भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मेला कपाल मोचन में 24 नवंबर 2026 को राज्य स्तरीय गुरू नानक देव जी की जयंती समारोह आयोजन किया जाएगा, जिसमें हरियाणा व केन्द्र सरकार के मंत्री भी भाग ले सकते हैं। इसलिए कपाल मोचन मेला को ऐतिहासिक एवं भव्य मनाने के लिए सरकार की ओर से जिला प्रशासन को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
उपायुक्त प्रीति ने कहा कि मेला कपाल मोचन लोगों की श्रद्धा एवं भावना का पवित्र स्थल है और इसी वजह से यहां दूसरे राज्यों से श्रद्धालु श्रद्धा भाव से आते हैं, इसलिए हम सभी का दायित्व बनता है कि हम भी श्रद्धा भाव से कार्य कर पुण्य के भागी बनें। उन्होंने कहा कि मेला परिसर में किए गए प्रबंधों से श्रद्धालुओं को प्रशासन के अधिकारियों की साख का पता चलता है। इसलिए प्रशासन के अधिकारियों का दायित्व बनता है कि दूसरे राज्य से आए श्रद्घालुओं को यह महसूस हो कि प्रशासन द्वारा मेला परिसर में अच्छे व पुख्ता प्रबंध किए गए है। उन्होंने मेले की तैयारियों एवं प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए है कि 20 नवम्बर से 24 नवम्बर 2026 तक लगने वाले ऐतिहासिक एवं श्रद्धा के प्रतीक मेला कपाल मोचन में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने बताया कि पूरे मेला परिसर को 4 सैक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सैक्टर के लिए प्रशासन के उच्चाधिकारी को नोडल बनाया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि मेला परिसर में पहुंचने वाले सभी मार्गों पर भव्य गेट बनाए जाए, मार्गों पर बोर्ड के माध्यम से मेला परिसर से संबंधित जानकारी अवश्य दें ताकि किसी भी श्रद्घालु किसी स्थान पर पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मार्ग में गढडे इत्यादि न हों और सभी मार्गों पर लाइटों का प्रबंध किया जाए। मेला परिसर में सबसे महत्वपूर्ण है, साफ-सफाई, शौचालयों, आने-जाने की की उचित व्यवस्था करना है, सीसीटीवी कैमरे लगाना, मेला परिसर में स्थित रास्तों पर पानी का छिडक़ाव करना आदि कार्यों में अधिकारी किसी प्रकार की कोताही न करें। साफ-सफाई पर विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए।
उपायुक्त प्रीति ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बिजली की ढीली एवं नीचे लटकने वाली तारों को तुरन्त ठीक करवांए। उन्होंने बताया कि मेला परिसर में ही स्वदेशी पर आधारित प्रदर्शनी को भी लगाया जाएगा, जिसमें स्वंय सहायता समूहों व आत्मनिर्भर समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए सामान को प्रदर्शित कर, अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकारी समय रहते अपना कार्य पूरा करें और किसी भी कार्य में कोताही न बरतें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे और मेला कपाल मोचन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मेला परिसर, मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त महाबीर प्रसाद, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह, जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, रादौर के एसडीएम नरेन्द्र कुमार, एएसपी आशीष चौधरी, जिला परिषद के सीईओ ब्रह्मï प्रकाश, नगराधीश पीयूष गुप्ता, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहें।