राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को दिया जाए भव्य एवं दिव्य स्वरूप, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में न रहे कोई कमी- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
यमुनानगर, 10 नवम्बर- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने उपायुक्त प्रीति के साथ-साथ प्रशासन के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि कपालमोचन मेले में एक भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाए, जिसमें सिखों के सभी दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास, उनके जीवन दर्शन, शिक्षाओं और समाज के प्रति योगदान को सचित्र रूप में प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की स्मृति में अम्बाला में निर्मित शहीदी स्मारक की ऐतिहासिक महत्ता को भी प्रमुखता से दर्शाया जाए, ताकि श्रद्धालु देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष से परिचित हो सकें। इसके अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर प्रदेश की विकास यात्रा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के विशिष्ट अतिथि भी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बताया कि संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत 24 नवम्बर को सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती भी व्यासपुर में मनाई जाएगी। इस मेले में हर वर्ष हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेश पर आधारित भव्य ड्रोन शो तथा लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि मेले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक एवं भव्य तोरणद्वार बनाए जाएं। इन स्वागत द्वारों का नामकरण श्री गुरु नानक देव जी, बाबा बंदा सिंह बहादुर जी सहित अन्य महान संतों एवं महापुरुषों के नाम पर किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, ठहरने के उचित स्थान, स्वच्छ पेयजल तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखे जाएं। उन्होंने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाए। इससे श्रद्धालुओं को स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कपालमोचन तीर्थ का विशेष पौराणिक महत्व है। यहां स्थित श्री कपालमोचन, श्री ऋणमोचन और श्री सूरजकुंड सरोवर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के केन्द्र हैं। श्रद्धालु इन पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सरोवरों की आवश्यक मरम्मत एवं साफ-सफाई करवाई जाए तथा स्नान के लिए स्वच्छ जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की ओर जाने वाली सभी सडक़ों की आवश्यक मरम्मत समय रहते पूरी करवाई जाए। सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बेहतर आवागमन एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की ऐतिहासिक गरिमा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें।
महर्षि वेद व्यास की कर्मस्थली व्यासपुर में तीर्थराज कपाल मोचन में लगने वाले प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक राज्य स्तरीय कपाल मोचन मेले के प्रबन्धों को लेकर उपायुक्त प्रीति ने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह ऐतिहासिक राज्य स्तरीय कपाल मोचन मेला 20 नवम्बर से 24 नवम्बर 2026 तक चलेगा। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि विश्व प्रसिद्ध कपाल मोचन मेले के संबंध में अधिकारी समय रहते सभी प्रकार के प्रबंध पूर्ण करें व पूरी श्रद्धा से अपनी डयूटी करें। उन्होंने बताया कि लगभग 122 एकड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाले कपाल मोचन मेले में आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं का आगमन होगा। श्रद्धा व निष्ठा के इस ऐतिहासिक मेले में प्रशासन के अधिकारियों की अहम भूमिका रहेगी और प्रशासन का यह भरसक प्रयास रहेगा कि मेले में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।
बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, उपायुक्त प्रीति, अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
#highlight #follower