त्यूणी में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, दो घायल!!
SDRF ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से शव और दोनों घायलों को सुरक्षित निकाला!!
त्यूणी/देहरादून। चकराता मोटर मार्ग पर चिल्लाड़ के पास शुक्रवार को एक फोर्ड कार करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची SDRF टीम ने दुर्गम एवं खड़ी खाई में अभियान चलाकर मृतक के शव और दोनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला।
SDRF पोस्ट त्यूणी को शुक्रवार को कॉलर के माध्यम से चिल्लाड़ के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कांस्टेबल नवीन सिंह के हमराह SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर टीम को वाहन संख्या UP37P6641 (फोर्ड कार) चकराता मोटर मार्ग से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला।
वाहन में तीन लोग सवार थे। इनमें एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी, जबकि दो घायल वाहन के पास फंसे हुए थे। खाई अत्यंत गहरी और दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। SDRF जवानों ने सावधानी और साहस का परिचय देते हुए खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बीच टीम ने काफी मशक्कत के बाद मृतक का शव और दोनों घायलों को सुरक्षित सड़क तक पहुंचाया।
रेस्क्यू के बाद दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सीएचसी त्यूणी भेजा गया। वहीं, मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक: दुर्गेश चौधरी (39 वर्ष)।
घायल: सुनील मंडल (27 वर्ष) और ऋषभ, निवासी देहरादून।