पितृपक्ष मेला-2026 के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ कार्यशाला आयोजित
सकारात्मक एवं तथ्यपरक प्रचार के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचेगा गया जी का संदेश
गया, 08 सितंबर 2026, आगामी पितृपक्ष मेला-2026 के अवसर पर देश-विदेश से गया आने वाले श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रियों को गया जी की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराने तथा मेला के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में गया जिले के सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के साथ कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता सहायक समाहर्ता गया श्री नीलेश गोयल ने की।
कार्यशाला में गया जिले के बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स ने भाग लिया। इस दौरान पितृपक्ष मेला-2026 के सफल आयोजन, श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने तथा गया जी की सकारात्मक छवि को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यशाला में उपस्थित इनफ्लुएंसर्स ने अपने-अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से गया जी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता, पिंडदान की परंपरा, प्रमुख तीर्थ स्थलों, मेला क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, आवासन, पेयजल सहित जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे व्यापक इंतजामों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है।
इनफ्लुएंसर्स ने कहा कि पितृपक्ष मेला गया जिले के साथ-साथ पूरे बिहार की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति एवं मोक्ष की कामना के लिए गया जी आते हैं। ऐसे में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स के माध्यम से उन्हें गया जी की महत्ता, यहां की परंपराओं एवं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में सही और सकारात्मक जानकारी उपलब्ध कराने का यह महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने कहा कि दूर-दराज से गया जी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुखद, सुरक्षित एवं यादगार अनुभूति मिले, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। इन व्यवस्थाओं की सकारात्मक जानकारी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यशाला में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर सकारात्मक, तथ्यपरक एवं जिम्मेदार कंटेंट को बढ़ावा दिया जाए। श्रद्धालुओं को मेला से संबंधित आवश्यक एवं उपयोगी जानकारियां सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाएं, ताकि गया आने वाले लोगों को यात्रा से पहले ही आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
इनफ्लुएंसर्स ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि गया आने वाले श्रद्धालु अपने पिंडदान एवं कर्मकांड को शांतिपूर्ण एवं सुविधाजनक तरीके से संपन्न करने के बाद सुखद अनुभूति लेकर अपने घर वापस लौटें। इससे गया जी की सकारात्मक छवि देश-विदेश में और मजबूत होगी तथा गया जिला एवं बिहार राज्य का नाम और गौरव बढ़ेगा।
कार्यशाला में सोशल मीडिया के माध्यम से गया जी की धार्मिक एवं आध्यात्मिक विरासत, पितृपक्ष मेला की परंपरा, विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी, प्रमुख वेदियों एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक स्थलों के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। साथ ही श्रद्धालुओं को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने की आवश्यकता बताई गई।
सहायक समाहर्ता ने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से अपील की कि पितृपक्ष मेला के दौरान वे प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक सही, विश्वसनीय और सकारात्मक जानकारी पहुंचाएं तथा किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह को प्रसारित करने से बचें।
कार्यशाला में अपर समाहर्ता, विधि-व्यवस्था, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
@topfans News18 Bihar Bihar Tak Information & Public Relations Department, Government of Bihar MyGovIndia DD News Bihar
#instagramer #influencer #meetup #growingtogether #exploremore
Gaya, Bihar | Sep 8, 2026