कैरियर अवेयरनेस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के विकल्पों से करवाया अवगत
कैरियर अवेयरनेस कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वर्णिम भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक : सीएमए संदीप शर्मा
भिवानी, 16 नवंबर : भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) के भिवानी चैप्टर की ओर से सोमवार को आसलवास स्थित वीआईपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कैरियर अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्कूल की प्राचार्या सुषमा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें संस्थान के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज, करियर के अवसरों तथा बेहतर भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर के अध्यक्ष सीएमए संदीप शर्मा तथा चैप्टर के सचिव एवं कोषाध्यक्ष सीएमए विजय कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) की कार्यप्रणाली, पाठ्यक्रमों और कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी (सीएमए) के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं से अवगत करवाया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक संदीप कुमार सहित कॉमर्स विषय के अध्यापिका एवं अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे।
इस मौके पर सीएमए संदीप शर्मा ने कहा कि कैरियर अवेयरनेस कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वर्णिम भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकांश विद्यार्थियों और अभिभावकों को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सेज एवं उनमें उपलब्ध रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की पूरी जानकारी नहीं होती। ऐसे में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ ही अपने भविष्य को लेकर बेहतर और सूचित निर्णय लेने में मददगार साबित होते हैं।
उन्होंने कहा कि आईसीएमएआई विद्यार्थियों को कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंसी के क्षेत्र में करियर बनाने के अनेक अवसर प्रदान करता है। सीएमए कोर्स के माध्यम से विद्यार्थी वित्तीय प्रबंधन, लागत विश्लेषण और प्रबंधन लेखांकन जैसे क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता विकसित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने करियर के प्रति जागरूक रहने और उपलब्ध अवसरों की जानकारी हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
सीएमए विजय कुमार शर्मा ने कहा कि करियर जागरूकता विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुसार सही करियर पथ चुनने में सहायता करती है। समय रहते विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी मिलने से विद्यार्थी अपने लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर तैयारी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सीएमए कोर्स और इसमें करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।