नशा शराब में होती तो नाचती बोतल। लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं
दशरथ मांझी की जगह जीतन राम मांझी का नाम लेने पर तेजस्वी घिरे, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की जुबान फिसल गई। उन्होंने दशरथ मांझी की जगह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का नाम लेकर श्रद्धांजलि देने की बात कह दी। इसका वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस पर तंज कसते हुए तेजस्वी यादव पर निशाना साधा।
जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “नशा शराब में होती तो नाचती बोतल। लगता है बाबू साहब का रात वाला उतरा नहीं था, इसलिए मुझे श्रद्धांजलि दे रहे हैं।” उन्होंने आगे तंज कसते हुए कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले वक्त में तेजस्वी यादव जीते-जी अपने पिता लालू प्रसाद यादव और मां राबड़ी देवी को भी श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
मांझी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। तेजस्वी यादव की जुबान फिसलने को लेकर जहां विपक्षी नेताओं ने निशाना साधा, वहीं समर्थकों की ओर से इसे महज भाषण के दौरान हुई भूल बताया जा रहा है। मामले ने बिहार की सियासत में नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।