मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी सोच को साकार कर रहे है समाधान शिविर- अतिरिक्त उपायुक्त
यमुनानगर जन शिकायतों के निवारण में प्रथम स्थान पर
यमुनानगर, 27 नवंबर- उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में जिला सचिवालय के सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा व नगराधीश पीयूष गुप्ता ने संयुक्त रूप से समाधान शिविर, सीएम विंडो, जन संवाद से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान को लेकर शिविरों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रदेश की जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना प्रदेश सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता है। इसलिए सभी अधिकारी नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक के दौरान लंबित शिकायतों, एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) तथा शिकायतों के निपटान से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का शीघ्र समाधान हों, क्योंकि ये समस्याएं व्यक्ति के जीवन से जुड़ी होती है। यदि समय रहते व्यक्ति की समस्या का निवारण हो जाता है तो यह प्रशासन एवं व्यक्ति के लिए बहुत ही अच्छा कार्य होता है। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के शीघ्र समाधान करने में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव हो, उनका तत्काल निवारण करें। वहीं, जिन मामलों में संबंधित विभाग से जांच अथवा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करवाना जरूरी होता है, उन्हें संबंधित विभाग को भेजकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करवाया जाए। उन्होंने कहा कि जन-संवाद, समाधान शिविर, सीएम विंडो तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत को अनावश्यक कारणों से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर निपटान किया जाए। उन्होंने कहा कि जन-संवाद एवं समाधान शिविर सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं संतोषजनक समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं। इसलिए सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में कहा कि जिला यमुनानगर जन शिकायतों के निवारण में प्रथम स्थान पर है और यह सभी विभागों के अधिकारियों की मेहनत का नतीजा है। इसलिए जिला यमुनानगर का प्रथम स्थान बनाए रखने के लिए हमें अपने कार्यों में कोई कोताही नहीं करनी ताकि समस्याओं के समाधान करने में जिला का नाम प्रदेश में प्रथम स्थान पर ही बरकरार बना रहें। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि यदि उनके विभाग से संबंधित कोई समस्या या शिकायत आती है तो उसका निदान तुरन्त करें, उस समस्या को लम्बित न रखें, ऐसा करने से विभाग के कार्यों में राहत एवं समस्या एवं शिकायत से संबंधित व्यक्ति को भी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी समस्या एवं शिकायत का निवारण संभव नहीं, तब अपने उच्चाधिकारियों से संपर्क कर समस्या का निदान कर सकते है।
इस अवसर पर एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, एसडीएम छछरौली जसपाल गिल, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, नगराधीश पीयूष गुप्ता, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लता, डीआईपीआरओ डॉ.मनोज कुमार, सभी तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, नगर निगम, बिजली विभाग, पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।