माय भारत केन्द्र चित्तौड़गढ़ द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस पर जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित, सरदार पटेल को किया नमन।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। मेरा युवा भारत केन्द्र, चित्तौड़गढ़ (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में जिले के विभिन्न ब्लॉकों में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। ब्लॉक डूंगला में मदर टेरेसा महिला मंडल अध्यक्ष श्वेता सामर के नेतृत्व में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेमलिया, भटोली बागरियान, डूंगला एवं स्थानीय छात्रावास में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य लक्ष्मीलाल जी द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य वक्ता अध्यापक वर्दी चंद मीणा ने सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने 560 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अरुण दाधीच ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित समारोहों एवं 'रन फॉर यूनिटी' के महत्व की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान माय भारत स्वयंसेवक गोपाल जाट एवं प्रतीक्षा जैन सहित विद्यालय स्टाफ लक्ष्मण पंचोली, मुकेश मीणा, ओंकार लाल जाट, सुंदर देवी जाट, भक्ति राम, दिनेश, नरेंद्र सिंह, चंदन बाला नलवाया एवं छात्रावास वार्डन गुणबाला सहलोत उपस्थित रहे।
इसी क्रम में ब्लॉक भूपालसागर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापक बाबूलाल जी द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति एवं कुशल नेतृत्व से विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से 'रन फॉर यूनिटी' दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक निर्मला भील तथा युवा मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह एवं विकास भील ने सहयोग प्रदान किया।
वहीं ब्लॉक भैंसरोडगढ़ की ग्राम पंचायत टोलो का लोहारीया में भी पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण, एकता एवं अखंडता के योगदान को याद किया गया। प्रधानाचार्य दिनेश कुमार मीणा एवं उपप्रधानाचार्य अरविंद धाकड़ ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे का महत्व बताया। कार्यक्रम में माय भारत स्वयंसेवक निशा बारेठ सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं एवं विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया गया।