*रा.उ.मा.वि. राजेंद्र मार्ग में 'नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत' अभियान का हुआ शुभारंभ*
भीलवाड़ा:राजकुमार गोयल स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र मार्ग में 'नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत' अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से आए प्रबुद्ध अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशे एवं विभिन्न व्यसनों के दुष्प्रभावों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। साथ ही, उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में कभी भी किसी प्रकार का नशा न करने की भावपूर्ण शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का मीडिया कवरेज करते हुए प्राध्यापक सत्येंद्र माली ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान से पधारीं मुख्य अतिथि अनीता दीदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत' के सपने को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देने हेतु प्रेरित किया।
समारोह के प्रारंभ में विद्यालय की उप प्रधानाचार्या श्रीमती अंकिता उपाध्याय ने शब्द-पुष्पों के माध्यम से पधारे हुए सभी अतिथियों का हार्दिक स्वागत-सत्कार किया एवं कार्यक्रम के अंत में सभी का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राध्यापक धीरज जोशी, राजेश कुमार शर्मा, सुरेंद्र सिंह चौहान, चंद्रशेखर व्यास, सांवरा लाल कुमावत, विक्रम चौधरी, अर्चना जोशी, श्रद्धा शर्मा सहित समस्त विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।