आरयूआईडीपी के पंचम चरण के कार्यों को लेकर गुलाबपुरा में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ सम्पन्न*
*जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों से लिया सुझाव व फीडबैक*
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 10 अगस्त। । राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के अंतर्गत गुलाबपुरा शहर में प्रस्तावित लगभग 27.12 करोड़ रुपये के कार्यों को लेकर सोमवार को पंचायत समिति सभागार, गुलाबपुरा में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया,महिलाओं, स्टेकहोल्डर्स ,आमजन एवं अन्य हितधारकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पंचम चरण के अंतर्गत एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से अपशिष्ट जल प्रबंधन एवं शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों से सुझाव एवं फीडबैक लिया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री झब्बर सिंह सांखला, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माननीय मंत्री महोदय तथा उपखण्ड अधिकारी गुलाबपुरा श्री दिव्यराज सिंह चूंडावत सहित पूर्व जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के मंत्री ने सीवरेज परियोजना को गुलाबपुरा के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, पंचायत समिति एवं संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने शहरवासियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों से परियोजना में पूर्ण सहयोग की अपील की तथा योजना का लाभ जल्द आमजन तक पहुंचने की उम्मीद जताई।
उपखण्ड अधिकारी दिव्यराज सिंह चूंडावत ने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान आमजन को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों के रचनात्मक सुझाव सामने आए हैं।
आरयूआईडीपी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय माथुर ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से पंचम चरण के प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरा करने तथा संवाद कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों को परियोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में वृतचित्र के माध्यम से आरयूआईडीपी के कार्यों की जानकारी दी गई। खुले सत्र में प्रतिभागियों ने सीवर एवं अन्य प्रस्तावित कार्यों से संबंधित जानकारी ली। कार्यक्रम के माध्यम से गुलाबपुरा में प्रस्तावित कार्यों को लेकर संवाद, सुझाव एवं समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया।