जिला कलेक्टर ने जलदाय, विद्युत एवं चिकित्सा विभाग की ली समीक्षा बैठक*
*मौसमी बीमारियों की रोकथाम, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं नियमित जल वितरण सुनिश्चित करने के दिये निर्देश*
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल, 10 अगस्त। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को पीएचईडी विभाग के कार्यालय में जलदाय, विद्युत एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय कार्यों एवं आमजन से जुड़ी समस्याओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।
बैठक में जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से मौसमी बीमारियों की स्थिति एवं उनकी रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। उन्होंने मौसमी बीमारियों को लेकर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने, चिकित्सा संस्थानों में पर्याप्त व्यवस्थाएं रखने तथा आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में झूलते हुए विद्युत तारों एवं अन्य विद्युत संबंधी समस्याओं को चिन्हित कर तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारू एवं निर्बाध बनी रहे तथा आमजन से जुड़ी विद्युत संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
जलदाय विभाग की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने विभिन्न क्षेत्रों में नियमित अंतराल पर जल वितरण एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा पेयजल से संबंधित शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने योजना के तहत स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में एवीवींएनएल के अधीक्षण अभियंता ओपी खटोड़, सीएमएचओ डॉ संजीव शर्मा, पीएचईडी प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्मिक में मौजूद रहे।