*कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक*
*जिला अस्पताल के निकट अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश*
------------------
कलेक्टर ऊषा परमार की अध्यक्षता में गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की फिजिकल बैठक संपन्न हुई। इस मौके पर सड़क दुर्घटनाओं पर रोकथाम एवं कमी लाने के उद्देश्य से संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने पन्ना शहर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर बेहतर यातायात व्यवस्था तथा सुचारू आवागमन सुनिश्चित कराने के संबंध में निर्देशित किया। साथ ही आगामी पर्व एवं धार्मिक कार्यक्रमों के मद्देनजर जाम जैसी स्थिति पर प्रभावी कार्यवाही के महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए।
बैठक में समिति सदस्यों से आवश्यक सुझाव प्राप्त कर विभिन्न स्थानों पर सड़कों के गड्ढों की मरम्मत, निरंतर बारिश के कारण सड़क से पानी के भराव की निकासी व्यवस्था तथा विद्यालयों के सामने एवं सड़क के मोड़ पर प्राथमिकता से गड्ढों का भराव अतिशीघ्र करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा आमजन की मांग के आधार पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्पीड ब्रेकर एवं साइन बोर्ड लगवाने, नेशनल हाइवे 39 पर भैरव घाटी मंदिर से पाण्डव फॉल व हरसा बैरियर तक जरूरी कार्य तत्काल पूर्ण करने, अजयगढ़ चौराहा से जिला पंचायत कार्यालय तक तथा गल्ला मंडी पुरानी शराब दुकान के पास तक हाथ ठेला दुकानदारों के विरूद्ध यातायात पुलिस व नगर पालिका पन्ना की संयुक्त टीम द्वारा दुकान हटवाकर नपा द्वारा जप्ती के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में जिला अस्पताल तिराहा के पास एवं अगल-बगल में संचालित होने वाली दुकान मालिकों के द्वारा दुकान के सामने रोड पर कुर्सियां लगाकर व रोड पर सामग्री रखकर विक्रय पर भी प्रभावी कार्यवाही के लिए कहा। जिला कलेक्टर ने सुचारू रूप से यातायात व्यवस्था संचालन के लिए जिला अस्पताल के निकट हो रहे अतिक्रमण को भी हटाने के सख्त निर्देश दिए। इसके अलावा बृजपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दुर्घटना रोकने के लिए संबंधित रोड एजेंसी को शेष कार्य जल्द पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में श्री जुगल किशोर मंदिर के पास प्रसाद बिक्री करने वाले दुकानदारों द्वारा पार्किंग स्थल पर हाथ ठेला लगाकर अवरोध उत्पन्न करने के संबंध में भी चर्चा हुई। इस पर जिला कलेक्टर ने संयुक्त टीम के साथ दुकान हटाने के कार्यवाही के लिए निर्देशित किया, जिससे मंदिर में आने वाले भक्तगण व दर्शनार्थियों के वाहन सुव्यवस्थित रूप से निर्धारित स्थल पर ही पार्क हों और जाम जैसी स्थिति न बने। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी एवं अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे सहित एसडीएम संजय कुमार नागवंशी, तहसीलदार अखिलेश प्रजापति, सीएमओ उमाशंकर मिश्रा, यातायात प्रभारी नीलम लक्षकार एवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Panna, Panna | Sep 1, 2026