*कलेक्टर ने छात्रावासों का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं*
---------------
कलेक्टर ऊषा परमार ने मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर संचालित छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर हॉस्टल में निवासरत विद्यार्थियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की। जिला कलेक्टर द्वारा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी के साथ आगरा मोहल्ला स्थित अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास एवं अनुसूचित जाति उत्कृष्ट कन्या छात्रावास तथा अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास बराछ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला संयोजक जयप्रताप भदौरिया द्वारा जिला कलेक्टर एवं जिपं सीईओ को भोजन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था आदि की जानकारी दी गई।
कलेक्टर श्रीमती परमार ने छात्रावास अधीक्षक को शासन के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को सभी आवश्यक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की किसी भी समस्या पर तत्काल निराकरण के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चों को छात्रावास में पढ़ाई का बेहतर माहौल प्राप्त होे। साथ ही नियमित रूप से भविष्य एवं कैरियर निर्माण संबंधी जानकारी तथा व्यक्तित्व विकास के लिए सारगर्भित सत्र भी आयोजित किए जाएं। छात्रावास में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था के साथ गुणवत्तायुक्त भोजन के प्रबंध तथा नियमित हेल्थ चेकअप के लिए भी निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक एवं पाठ्येत्तर गतिविधियों के संबंध में अवगत कराया।
Panna, Panna | Sep 1, 2026