जनसुनवाई में कलेक्टर ने 324 आवेदकों की सुनीं समस्याएं
अधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश
--
जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 324 आवेदकों ने आवेदन दिए। कलेक्टर श्री मालवीय ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन और प्रशासन के प्रति नागरिकों के विश्वास का माध्यम है, इसलिए प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।
लोक शांति भंग करने पर शस्त्र लायसेंस निलंबित किये जाने के दिए निर्देश
--
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने संज्ञान लेते हुए जितेन्द्र लोधी निवासी मुंगावली द्वारा लायसेंसी बंदूक का झगडे के दौरान इस्तेमाल करने पर एसडीएम मुंगावली को शस्त्र लायसेंस निलंबित किये जाने संबंधी आवश्यक कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जितेन्द्र लोधी द्वारा आपसी झगडे के दौरान लायसेंसी बंदूक के इस्तेमाल से लोक शांति व्यवस्था भंग की गई। जिसके तहत उक्त कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया।
जमीन पर कब्जा मामलों पर हो सख्त कार्यवाही
--
जनसुनवाई के दौरान शासकीय जमीन पर कब्जा किये जाने संबंधी आवेदनों के निराकरण हेतु कलेक्टर द्वारा सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि विवादित जमीन पर कब्जा संबंधी मामलों में नियमानुसार कार्यवाही कर कब्जाधारियों के विरूद्ध नोटिस जारी कर सिविल जेल की कार्यवाही की जाए।
फर्जी फाइनेंस कंपनियों पर करें कार्यवाही
-
जनसुनवाई में ईसागढ़ क्षेत्र में फर्जी फाइनेंस कंपनियों के संचालन संबंधी शिकायतों के संबंध में कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत फर्जी फाइनेंस कंपनियों के विरूद्ध आवश्यक नियमानुसार कार्यवाही की जाए। जिससे क्षेत्र के लोग झूठे झांसे में आने से बच सके।
जनसुनवाई में ग्राम झागर निवासी राजकुमार सिंह द्वारा भूमि का नामांकन कराए जाने, ग्राम हिनोतिया फूट निवासी जगराम यादव द्वारा रास्ते से अतिक्रमण हटाए जाने, ग्राम बामोरी लाल निवासी मीरा अहिरवार द्वारा रास्ता दिलाए जाने, वार्ड क्रमांक 14 मुंगावली निवासी मुबारक खान द्वारा आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने, सोनी कॉलोनी मुंगावली निवासी राजेंद्र सिंह द्वारा नामांतरण कराए जाने, ग्राम राजपुर निवासी बाबूलाल साहू द्वारा विक्रय पत्र के संबंध में, शाढोरा निवासी यासीन हैदर द्वारा रास्ता दिलाए जाने, शंकर कॉलोनी अशोक नगर निवासी हरिकिशन लोधी द्वारा बिजली बिल काम कराए जाने, करमई चंदेरी निवासी बुंदेल यादव द्वारा रास्ता दिलाए जाने, चंदेरी निवासी मुन्नी बाई द्वारा भूमि का पट्टा दिलाए जाने,छैबलाई निवासी सम्पत बाई कुशवाह द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि दिलाए जाने सहित अन्य समस्याओं संबंधी आवेदन प्राप्त हुए है।जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रेषित करते हुए उनके निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री डी.एन.सिंह,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,एसडीएम अशोकनगर श्री इसरार खान सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व,तहसीलदार,जनपद पंचायत सीईओ एवं सीएमओ ने गूगल मीट से जुडकर भाग लिया।
#JanSunwai
#ashoknagar
Ashok Nagar, Madhya Pradesh | Jul 14, 2026