राजनीति में भागीदारी के बिना समाज का विकास असंभव : माली
माली समाज के राजनीतिक जागरूकता अभियान के तहत छह गांवों की संयुक्त बैठक आयोजित
भीलवाड़ा:राजकुमार गोयल, 3 अगस्त राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के राजनीतिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को सांगानेर रोड स्थित सिंदरी का बालाजी परिसर में छह गांवों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर सामाजिक एवं राजनीतिक जागरूकता पर विचार-विमर्श किया।
बैठक का संचालन महासभा के मंत्री एवं कालसांस निवासी सुखदेव माली ने किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जागरूकता अभियान समाज में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, राजनीतिक चेतना बढ़ाने तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान प्रदेश माली (सैनी) महासभा के जिलाध्यक्ष भैरूलाल माली ने कहा कि "राजनीति में भागीदारी के बिना किसी भी समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।" उन्होंने समाज के लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा योग्य, ईमानदार एवं समाजहितैषी जनप्रतिनिधियों का चयन करने का आह्वान किया।
कर्मचारी अधिकारी संस्था के जिलाध्यक्ष तोताराम माली ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी शिक्षा, संगठन और जागरूकता में निहित होती है। यदि समाज को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है तो शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
महासभा के जिला महामंत्री सत्यनारायण (डाबला) ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने तथा विकासोन्मुख नेतृत्व का समर्थन करने का आह्वान किया।
बैठक में महासभा के सक्रिय सदस्य नानूराम गोयल, लालचंद गोयल, पूर्व उपसरपंच जमनालाल माली, वार्ड पंच प्रतिनिधि तुलसीराम माली, गिरधारी माली, उदयलाल माली, पुषालाल माली, उगमा माली, राधेश्याम माली, राजू माली, बद्रीलाल माली सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।