जिला पुलिस लाइन करनाल में जनरल परेड का आयोजन, एसपी करन गोयल ने ली सलामी,
करनाल, दिनांक 21 सितंबर 2026।
पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करन गोयल, आईपीएस ने आज पुलिस लाइन करनाल के परेड ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड में सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस कर्मचारियों की वर्दी, अनुशासन एवं परेड की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मचारियों को निर्धारित पुलिस वर्दी में रहने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुशासित पुलिस बल ही जनता का विश्वास अर्जित कर सकता है। पुलिसकर्मी आमजन की सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहें तथा शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील, मैत्रीपूर्ण एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित एवं कानूनी समाधान सुनिश्चित करें।
एसपी करन गोयल ने थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं पेट्रोलिंग बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अपराध की रोकथाम के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक, एटीएम, स्कूल, कॉलेज एवं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी भवनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के लिए कहा।
उन्होंने डायल-112 टीमों एवं राइडर्स को आपसी बेहतर तालमेल के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
परेड के दौरान अनुसंधान विंग, दंगा नियंत्रण टीम, अल्फा कंपनी प्लाटून-1, राइडर्स एवं डायल-112 कर्मचारियों को भी उनकी ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ निभाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एएसपी श्री रविन्द्र कुमार, आईपीएस, डीएसपी मुख्यालय श्री संदीप कुमार सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
Uklana, Hissar | Sep 21, 2026