‘चुनावी दौरों से फुर्सत निकालिए CM साहब!’
पूर्व विधायक नीरज शर्मा का तीखा तंज
रियाणा में बढ़ते अपराध, गैंगस्टरों की धमकियों और रंगदारी के मामलों को लेकर एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी खुशहाली और विकास के लिए पहचान रखने वाला हरियाणा अब अपराधियों और शूटरों का गढ़ बनता जा रहा है। व्यापारी, पूर्व जनप्रतिनिधि और आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
नीरज शर्मा ने मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी द्वारा विधानसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या 85 का हवाला देते हुए कहा कि सरकार के अपने आंकड़े प्रदेश की चिंताजनक कानून-व्यवस्था को उजागर कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 1 जनवरी 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच पूर्व जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कारोबारियों और आम नागरिकों को गैंगस्टरों की ओर से लगातार धमकियां दी गईं।
पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने आरटीआई के माध्यम से पुलिस विभाग से धमकी पाने वाले लोगों, उन्हें उपलब्ध कराई गई सुरक्षा और उस पर हुए सरकारी खर्च की जानकारी मांगी थी। उनका आरोप है कि कई जिलों ने पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई और आधे-अधूरे जवाब भेजे। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार वास्तविक आंकड़े जनता के सामने रखने से क्यों बच रही है।
नीरज शर्मा ने दावा किया कि धमकी पाने वाले लोगों की सुरक्षा में करीब 700 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जबकि प्रदेश के थानों और पुलिस चौकियों में कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। इससे आम लोगों की शिकायतों और पुलिस से जुड़े कार्यों पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री नायब सिंह सैनी से अपराध, रंगदारी और गैंगस्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही व्यक्तिगत सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों की तैनाती की समीक्षा कर अधिक जवानों को थानों, चौकियों और आम जनता की सुरक्षा में लगाने की अपील की।
Panipat, Panipat | Sep 5, 2026