विधायक रामकुमार कश्यप ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंजपुरा का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कहा--नागरिक को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता
करनाल, 4 सितंबर। विधायक एवं गवर्नमेंट चीफ व्हीप रामकुमार कश्यप ने गत दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंजपुरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों एवं सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक रामकुमार कश्यप ने आयुष्मान केंद्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र से संबंधित व्यवस्था सहित अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों से भी बातचीत की और स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ सरल एवं समयबद्ध तरीके से मिले।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि इंद्री विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जी के नेतृत्व में तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल जी के मार्गदर्शन में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आमजन को अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर एसएमओ संदीप अबरोल सहित अस्पताल का स्टाफ एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।