बालिकाओं को साइबर सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी, बाल विवाह उन्मूलन पर जोर
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर केंद्रीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा और बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर भिण्ड के मार्गदर्शन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री महेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ।
बाल संरक्षण अधिकारी अजय सक्सेना ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2026 की थीम “एंडिंग चाइल्ड मैरिज एंड इन्वेस्टमेंट इन गर्ल चाइल्ड” है, जिसका उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त कर बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य पर निवेश करना है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 19 दिसंबर 2011 को 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस घोषित किया था।
कार्यक्रम में बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी अनुचित घटना को छिपाने के बजाय तत्काल माता-पिता या शिक्षक को बताएं। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस 112 एवं साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य अजय कुमार सक्सेना, विद्यालय परिवार एवं राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता राहुल राजपूत उपस्थित रहे। सभी छात्रों को प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गई।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
Directorate Women and Child Development, MP
#भिण्ड
#Bhind
15 views | Bhind, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026