कोडरमा: सिंहपुर मौजा में क्रशर लगाने का ग्रामीणों ने किया विरोध, खेती बर्बाद होने और नदी के अस्तित्व पर मंडराया खतरा
कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर मौजा में क्रशर प्लांट स्थापित करने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने क्रशर लगाए जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर क्रशर प्लांट बैठाने की तैयारी की जा रही है, उसके बगल में नदी स्थित है, जिसे मिट्टी डालकर भर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, जीएम जमीन पर भी मिट्टी भराई की गई है। वहीं, आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां क्रशर प्लांट स्थापित होता है, तो आसपास की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। धूल और प्रदूषण से किसानों की फसलों को नुकसान होने की आशंका है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि क्रशर स्थल के पास ही एक स्कूल भी स्थित है, जहां बच्चे पढ़ाई करते हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि नदी और कृषि भूमि को प्रभावित कर क्रशर प्लांट कैसे स्थापित किया जा सकता है? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कराने, नदी और जमीन की स्थिति स्पष्ट करने तथा नियमों के पालन की मांग की है।