जनसमस्याओं को लेकर सपा का प्रदर्शन, मतदाता सूची की गड़बड़ी, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन
संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अब्दुल कलाम के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची की गड़बड़ी, बढ़ती महंगाई, बिजली व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मतदाता सूची के निरीक्षण के दौरान एक ही व्यक्ति का नाम कई बार दर्ज पाया गया है, जिससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। समाजवादी पार्टी ने ऐसे सभी त्रुटिपूर्ण नामों को तत्काल हटाने की मांग की है।
इसके साथ ही हाल ही में आए आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त बिजली के तारों और खंभों की मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग भी उठाई गई। पार्टी नेताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को आम जनता के लिए बड़ी समस्या बताते हुए सरकार से राहत देने की मांग की।
ज्ञापन में तहसीलों और थानों में बढ़ते भ्रष्टाचार पर भी चिंता व्यक्त की गई। समाजवादी पार्टी का कहना है कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, संतकबीरनगर सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, जयराम पाण्डेय, विजय बहादुर यादव, अंकिता बाबी सोनू यादव, राहुल यादव, रमेश यादव, पार्टी के कोषाध्यक्ष विपिन राय सहित समाजवादी पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।