गैस कटर से ATM काटा, लाखों उड़ाए... गरोठ पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग दबोची
गरोठ। रात का सन्नाटा, गैस कटर की चिंगारी और कुछ ही मिनटों में एटीएम का कैश बॉक्स गायब... भानपुरा रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में हुई चोरी ने पुलिस को चुनौती दे दी थी। लेकिन करीब एक हजार सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बाद गरोठ पुलिस ने अंतरराज्यीय एटीएम कटिंग गैंग तक पहुंच बनाई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एटीएम को गैस कटर से काटकर करीब 6 लाख रुपये चोरी किए थे। गिरफ्तार आरोपियों में मनपाल सिंह, शहजाद उर्फ चिंकु और समीर शामिल हैं, जबकि एक आरोपी फरार है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम, स्विफ्ट डिजायर कार, दो ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, एटीएम की कैश ट्रे और रिजेक्शन बॉक्स सहित अन्य सामान जब्त किया गया है।
पूछताछ में पुलिस को गिरोह की कई पुरानी एटीएम कटिंग वारदातों की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक गिरोह बिना गार्ड वाले एटीएम की रेकी करता, सीसीटीवी को निष्क्रिय करता और गैस कटर से मशीन काटकर कुछ ही मिनटों में फरार हो जाता था। गिरोह द्वारा मध्यप्रदेश सहित राजस्थान, उत्तरप्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में भी वारदातें किए जाने की जानकारी सामने आई है।