ग्वालियर में बीच सड़क युवक का 'किडनैप': पहले बेरहमी से पीटा, फिर कार में उठा ले गए...
कम्पू थाना क्षेत्र के चिरवाई नाके पर एक युवक के साथ मारपीट और जबरन कार में ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित नवल किशोर कुशवाह का आरोप है कि पुरानी रंजिश में समझौता करने का दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने उसकी बाइक रोककर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला किया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसे कार में बैठाकर ले जाया गया। नवल का कहना है कि वह राहगीरों की मदद से किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकल सका। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी उसके साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं और लगातार धमकियां मिल रही थीं, लेकिन पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच में जो भी सामने आएगा, उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।