नोटों की गड्डी का झांसा, पलभर में उड़ाए लाखों के गहने; ग्वालियर में महिला बनी शातिर ठगों का शिकार...
मुरार थाना क्षेत्र में तीन शातिर ठगों ने एक महिला को नोटों की गड्डियों का लालच देकर उसके सोने के जेवर ठग लिए। कृष्णापुरी निवासी उजाला बाथम सब्जी मंडी से घर लौट रही थीं, तभी दो युवकों ने बातचीत में उलझाकर उन्हें अपने झांसे में ले लिया। कुछ ही देर बाद एक महिला भी उनके साथ आ गई और विश्वास जीतने के लिए अपने गहने देकर वापस लेने का नाटक किया। इसके बाद ठगों ने उजाला से भी कुछ देर के लिए जेवर रखने की बात कही। भरोसा होने पर महिला ने अपने सोने के बाले, अंगूठी और मंगलसूत्र उन्हें सौंप दिए। इसी दौरान आरोपियों ने चालाकी से जेवर वाला रुमाल बदल दिया और उसकी जगह कंकड़-पत्थरों से भरा रुमाल उनके पर्स में रख दिया। घर पहुंचने पर जब रुमाल खोला तो ठगी का पता चला। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।