ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर सुरक्षा अलर्ट! पेट्रोल से भरी बोतलें फेंकने वाला युवक दबोचा, जांच में जुटीं केंद्रीय एजेंसियां...
ग्वालियर शहर के हाई सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले एयरफोर्स स्टेशन की सुरक्षा उस समय चर्चा में आ गई, जब एक युवक ने मुख्य प्रवेश द्वार के पास पेट्रोल से भरी बोतलें फेंक दीं। सतर्क एयरफोर्स जवानों ने बिना देर किए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाराणसी निवासी आरोपी नागेंद्र सिंह, जो एक निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर है, ग्वालियर के एक गेस्ट हाउस में ठहरा हुआ था और वहीं उसने पेट्रोल से भरी बोतलें तैयार की थीं। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा और उसकी मानसिक स्थिति भी संदिग्ध पाई गई। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे मानसिक आरोग्यशाला भेज दिया गया है। वहीं, एयरफोर्स, पुलिस, आईबी और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहराई से जांच कर रही हैं कि मामला केवल मानसिक अस्वस्थता का है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।