डेंगू-मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर पंचकूला पुलिस लाइन में मैस से लेकर आवासीय क्षेत्रों तक करवाई गई फोगिंग
पंचकूला/ 08 सितंबर:- मानसून के दौरान मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पंचकूला क मोगीनंद स्थित पुलिस लाइन में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष फोगिंग अभियान चलाया गया।
एसीपी सुरेन्द्र सिंह तथा लाइन ऑफिसर सब इंस्पेक्टर अजब सिंह की मौजूदगी में पुलिस लाइन के विभिन्न हिस्सों में फोगिंग करवाई गई। इस दौरान पुलिस लाइन की मैस, कार्यालय परिसर, बैरकों तथा आवासीय क्षेत्रों सहित उन स्थानों को प्राथमिकता दी गई, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि बदलते मौसम को देखते हुए पुलिस लाइन में बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सावधानी बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवारों को सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। फोगिंग के साथ-साथ परिसर में साफ-सफाई, पानी जमा न होने देने तथा मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों की नियमित निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पंचकूला पुलिस द्वारा आमजन से भी अपील की गई है कि अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।