बंशी चाचा का बलिदान सर्वसमाज के लिए प्रेरणास्रोत
सीतामढ़ी। शहर के चकमहिला स्थित चक्रऋषि आश्रम (पुराना पलवैया धाम) मंदिर परिसर में कानू कल्याण महासभा के तत्वावधान में स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद बंशी चाचा की पुण्यतिथि शहादत दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष रामेश्वर साह ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. प्रतिमा आनंद, पूर्व सभापति सुवंश राय, राम जिनिश गुप्ता, नीरा गुप्ता, गगनदेव यादव, मुकेश यादव, पूर्व मुखिया राघव प्रसाद एवं राजेंद्र चंद्रवंशी सहित उपस्थित गणमान्य लोगों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं बंशी चाचा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बंशी चाचा के जीवन, संघर्ष और उनके ऐतिहासिक बलिदान पर प्रकाश डाला। संगठन की ओर से जिलाध्यक्ष रामेश्वर साह ने अतिथियों को फूलमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वक्ताओं ने बैरगनिया-सीतामढ़ी के बीच बागमती नदी पर पुल निर्माण की आवश्यकता और उस दौर में पुल की महत्ता पर चर्चा की।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे पूर्व सैनिक अनिल कुमार ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक महत्वाकांक्षा के बंशी चाचा द्वारा पुल निर्माण के लिए किया गया संघर्ष निस्वार्थ और निश्छल जनसेवा का उदाहरण है। उन्होंने सर्वसमाज के हित में अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर प्राणों की आहुति दे दी। उनका त्याग और बलिदान सदैव अनुकरणीय रहेगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के बावजूद उन्होंने पूरे समाज के हित के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन हमें निस्वार्थ सेवा, सामाजिक एकता और जनहित के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
समारोह में विनोद साह, संजीव कुमार, आकाश कुमार, रामबाबू साह, चंद्रमोहन कुमार, सोनू कुमार, अशोक साह, रविंद्र कुमार, भिखारी शर्मा, दिगंबर शर्मा, अभिमन्यु साह, धर्मवीर गुप्ता, मंटु कुमार, कामोद कुमार, रामजी साह, केशर देव साह तथा मठ के महंत रामकुमार दास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।