मुख्यमार्गों से लेकर मोहल्लों तक जलभराव, घुटनों से ऊपर भरा पानी
लगातार बारिश से कोंच में बिगड़े हालात, पानी में घुसकर आवागमन करने को मजबूर लोग
कोंच। शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश से कस्बे में जलभराव की स्थिति बन गई है। मुख्यमार्गों से लेकर अंदरूनी मोहल्लों तक कई स्थानों पर घुटनों से ऊपर पानी भर गया। कोंच-पिंडारी मार्ग पर कांशीराम कॉलोनी, कोंच-कैलिया मार्ग पर आजाद गार्डन से दोहर तिराहे तक और कोंच-महेशपुरा मार्ग पर कैलिया बाइपास तिराहे के पास जलभराव रहा। वहीं गांधी नगर में धनुतालाब मार्ग पर न्यू कुशवाहा लॉज के पास, आराजीलेन, गिरवर नगर, ईदगाह और नई बस्ती में भी पानी भर गया। नई बस्ती में कुंड ओवरफ्लो होने से रास्ते पर घुटनों से ऊपर पानी पहुंच गया। जलभराव के कारण लोगों को पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ा और जरूरी काम से निकलने वालों को परेशानी उठानी पड़ी।
Konch, Jalaun | Sep 26, 2026