बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों के मुआवजे के लिए मुख्यमंत्री को पत्र
विधायक मूलचंद्र निरंजन ने सीएम से फसल बीमा की धनराशि भी जल्द दिलाने का किया अनुरोध
कोंच। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से खेतों में फसलें नष्ट होती देख किसान सदमे में हैं। बारिश और तेज हवाओं से हुए नुकसान के बाद आर्थिक संकट में घिरे किसानों की मदद के लिए क्षेत्रीय विधायक मूलचंद्र निरंजन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पीड़ित किसानों को त्वरित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
विधायक ने शनिवार सुबह मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा कि माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे जनपद जालौन में पिछले दिनों हुई अत्यधिक बारिश और बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश व तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी तिल, उड़द, मूंग, ज्वार, बाजरा और धान की फसलें नष्ट हो गई हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि दैवीय आपदा के तहत प्रभावित किसानों को फसल नुकसान का मुआवजा और फसल बीमा की धनराशि जल्द उपलब्ध कराई जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में किसानों को राहत मिल सके। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बारिश जैसी दैवीय आपदा से प्रभावित प्रत्येक किसान की हरसंभव मदद की जाएगी।
Konch, Jalaun | Sep 26, 2026