#भरतपुर। डीग जिले में 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत अवैध खनन माफियाओं पर शिकंजा कसते हुए गोपालगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने पापड़ा चौराहे पर तहरौला की तरफ से आ रहे एक ओवरलोड हाइवा डंपर को रोककर जांच की। वाहन में अवैध रूप से खनन सामग्री भरी हुई थी। पुलिस द्वारा बिल, टीपी, रवन्ना और अनुमति से जुड़े कागजात मांगने पर ड्राइवर कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने खनन सामग्री से लदे हाइवा डंपर को जब्त करते हुए मौके से ड्राइवर लक्ष्मण (37) पुत्र शिब्बी, निवासी बाढ़ (कैथवाड़ा) को गिरफ्तार कर लिया। थाना अधिकारी रामनरेश मीणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई है।