27 से 29 जून को सरकारी छुट्टी में भी खुले रहेंगे निगम कार्यालय, होगा टैक्स जमा व एनडीसी संबंधित कार्य - मेयर
सरकार की सौ प्रतिशत ब्याज माफी योजना का लाभ उठाने को लेकर नगर निगम ने लिया फैसला, 30 जून है अंतिम तिथि
टैक्स जमा करने के साथ एनडीसी संबंधित आपत्तियां दुरुस्त करने का भी होगा काम
यमुनानगर।हरियाणा सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स धारकों को एकमुश्त बकाया टैक्स जमा करवाने पर दी जा रही 100 प्रतिशत ब्याज माफी योजना का अधिकतम लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए नगर निगम ने विशेष तैयारियां की हैं। करदाताओं को टैक्स जमा करने और एनडीसी संबंधित समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आगामी 27, 28 और 29 जून को लगातार तीन दिन सरकारी अवकाश होने के बावजूद तीनों नगर निगम कार्यालय और नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) सामान्य कार्य दिवसों की भांति खुले रहेंगे। इन दिनों में प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने के साथ-साथ एनडीसी (नो ड्यूज सर्टिफिकेट) से संबंधित सभी कार्य सुचारू रूप से किए जाएंगे। यह जानकारी नगर निगम मेयर सुमन बहमनी ने दी।मेयर सुमन बहमनी ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 जून को शनिवार, 28 जून को रविवार और 29 जून को संत कबीर दास जयंती के चलते सरकारी अवकाश है। दूसरी ओर सरकार की एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर सौ प्रतिशत ब्याज माफी योजना की अंतिम तिथि 30 जून है। चूंकि समय बेहद कम बचा है और बड़ी संख्या में नागरिक इस जनहितकारी योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, इसलिए नगर निगम ने यह बड़ा फैसला लिया है। निगम प्रशासन द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने व एनडीसी कार्यों से संबंधित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शनिवार, रविवार व सोमवार को अवकाश के दिनों में भी अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। मेयर ने बताया कि इस छूट का लाभ उठाने के लिए कई संपत्ति मालिकों ने अपनी प्रॉपर्टी आईडी की कमियों और त्रुटियों को दुरुस्त करने के लिए आपत्तियां लगाई हुई हैं। आपत्तियां दुरुस्त करने को अन्य दिनों की भांति शनिवार, रविवार व सोमवार को भी एनडीसी शाखा से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यालय में मौजूद रहेंगे, ताकि इन आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण किया जा सके और नागरिक बिना किसी बाधा के अपना टैक्स जमा कर सकें।
-----------
अंतिम तिथि में भीड़ से बचने के लिए छुट्टियों में जमा कराएं टैक्स -
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि सरकार की इस योजना के माध्यम से नागरिक अपने पुराने बकाए पर पूरा ब्याज माफ करवा सकते हैं। करदाताओं की सहूलियत के लिए तीनों दिन तीनों नगर निगम कार्यालय व नागरिक सुविधा केंद्र (सीएफसी) भी पूरी क्षमता के साथ काम करेंगे। मेयर ने सभी शहरवासियों से अपील है कि वे अंतिम तिथि की भीड़भाड़ से बचने के लिए इन छुट्टियों के दिनों का लाभ उठाएं और निर्धारित समयावधि के भीतर अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाकर इस सुनहरे मौके का फायदा उठाएं।
------------
30 जून के बाद ब्याज समेत वसूला जाएगा टैक्स, बकाएदारों की संपत्ति होगी सील -
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा एकमुश्त प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने पर शत प्रतिशत ब्याज माफी की योजना शुरू की गई है। जिसके अनुसार वर्ष 2010-11 से 2024-25 तक के प्रॉपर्टी टैक्स बकाये पर लगने वाले पूरे ब्याज को माफ किया गया है। 30 जून तक जो भी संपत्ति मालिक अपना प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराता है, उसके प्रॉपर्टी टैक्स पर लगा पूरा ब्याज माफ होगा। 30 जून के बाद पूरे ब्याज समेत टैक्स वसूला जाएगा। वहीं, एक लाख रुपये से अधिक बकाया टैक्स वाले संपत्ति मालिकों की संपत्ति सील की जाएगी।
------------जल्द निपटाएं लंबित प्रॉपर्टी टैक्स ऑब्जेक्शन -
मेयर सुमन बहमनी ने प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित ऑब्जेक्शन निपटाने के लिए निगम अधिकारियों को आदेश जारी किए है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स पर ब्याज माफी की योजना शुरू की है। कुछ लोगों ने योजना का लाभ उठाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित ऑब्जेक्शन लगाए है। जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी व कर्मचारी जल्द से जल्द प्रॉपर्टी टैक्स के लंबित ऑब्जेक्शन जल्द से जल्द निपटाए। ताकि संपत्ति मालिक ब्याज माफी की योजना का लाभ उठा सकें।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Jun 24, 2026