मुक्तिनाथ वेद विद्याश्रम के रजत जयंती समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री, बोले- आज भी हमारी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं को कायम रखना प्रशंसनीय
माता मनसा देवी परिसर स्थित श्री मुक्तिनाथ वेद विद्याश्रम (संस्कृत गुरुकुल) का 25वां वार्षिक रजत जयंती समारोह शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरमैन श्रीमती बंतो कटारिया और पंचकूला नगर निगम के मेयर श्याम लाल बंसल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए गुरुकुल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गुरुकुल द्वारा आज भी भारतीय संस्कृति और पुरानी परंपराओं को कायम रखने के प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुकुल से शिक्षा और संस्कार प्राप्त कर निकले बच्चे आज वास्तव में एक मजबूत भारत के आधार स्तंभ हैं। वैदिक शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
माता मनसा देवी परिसर में स्थित श्री मुक्तिनाथ वेद विद्याश्रम पिछले 25 वर्षों से वैदिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में जुटा है। रजत जयंती समारोह संस्था की इसी गौरवशाली यात्रा और समर्पण का प्रतीक बना।
इस अवसर पर संस्था के संरक्षक दिनेश सिंगला, अध्यक्ष मुकुल बंसल, उपाध्यक्ष राकेश बंसल, सचिव जयकिशन सिंघल एवं कोषाध्यक्ष जनकराज गुप्ता सहित संस्था के पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संस्था प्रबंधन ने समारोह में पहुंचे अतिथियों का आभार व्यक्त किया।