खेल अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम- मंत्री श्रीमती उइके
पीएचई मंत्री ने आरडी कॉलेज, मंडला में खेलो इंडिया संवाद में की सहभागिता
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मंडला में आयोजित “खेलो इंडिया संवाद” कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना और उपस्थित खिलाड़ियों व युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर एक नई सोच का निर्माण हुआ है, जिसने ग्रामीण व शहरी युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया अवसर, मंच और अटूट विश्वास दिया है।
मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि हम सभी को मिलकर एक ऐसी मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण करना है, जहाँ गांवों और छोटे शहरों की छिपी हुई प्रतिभाओं को अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने के पर्याप्त अवसर मिल सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि मैदान में मिली हार हमें रुकना नहीं, बल्कि नई ऊर्जा के साथ पुनः आगे बढ़ना सिखाती है। यही जज्बा एक सशक्त, समर्थ और आत्मविश्वासी भारत की नींव रखता है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम ने भी उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए जीवन में खेलों के महत्व और केंद्र तथा राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए किये जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े तीन खिलाड़ी भी युवा प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे। इनमें अंतर्राष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी तुषार चौधरी, राष्ट्रीय स्तर के खो-खो खिलाड़ी रघुवेंद्र सैय्याम और तनु यादव शामिल रहे। खिलाड़ियों ने युवाओं के बीच अपनी उपस्थिति से खेल और युवा शक्ति के प्रति प्रेरणा का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त भारत की शपथ भी ली। युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान श्री जयदत्त झा, पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्री बीएल झारिया, महाविद्यालय के प्राचार्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Jabalpur Commissioner
Sampatiya Uikey
#खेलो_इंडिया_संवाद