मंदसौर कृषि उपज मंडी में किसानों की लंबी कतार, गेट पर वाहनों की लगी लाइन, सिक्योरिटी गार्ड पर पैसे लेकर परिचितों को प्रवेश देने के आरोप
मंदसौर। कृषि उपज मंडी में इन दिनों प्याज, लहसुन और मूंगफली से भरे वाहनों की गेट पर लंबी कतारें लग रही हैं। किसान अपनी उपज लेकर मंडी में प्रवेश के इंतजार में घंटों परेशान हो रहे हैं। वहीं आरोप लग रहे हैं कि लाल कोट पहने एक सिक्योरिटी गार्ड कथित तौर पर पैसे लेकर अपने परिचितों के वाहनों को मंडी के सामने वाले गेट से प्रवेश दे रहा है। यदि ये आरोप सही हैं तो मंडी की प्रवेश व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। आखिर आम किसान कतार में खड़ा होकर इंतजार क्यों करे और कुछ वाहनों को प्राथमिकता कैसे मिल रही है? किसानों ने मंडी प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और प्रवेश व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की मांग की है। अब देखना होगा कि मंडी प्रशासन इस मामले में कब संज्ञान लेता है।